जिला होटल और ट्रेकिंग एसोसिएशन ने की मांग
उत्तरकाशी। जिला होटल और ट्रेकिंग एसोसिएशन की ओर से शासन-प्रशासन से नेलांग-जादूंग घाटी को पर्यटन के तहत 12 माह खोलने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि लेह-लद्दाख भी लगभग इन घाटियों की ऊंचाई पर स्थित है। वहां पर भी बारह माह पर्यटक आवाजाही करते हैं। इसलिए जनपद में करवाए गए विंटर टूरिज्म कॉन्क्लेव का उद्देशय तभी पूर्ण होगा। जब जनपद की इन घाटियों में 12 माह पर्यटकों को अच्छी सुविधाएं मिल पाए।
जिला होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा और गढ़वाल माउंटेनरिंग व ट्रेकिंग एसोसिएशन के सचिव मनोज रावत ने कहा कि नेलांग और जादूंग घाटी में 12 माह पर्यटन की अपार संभावनाएं है।इसलिए अगर शासन-प्रशासन की ओर से इसे पूरे वर्ष भर पर्यटन के लिए खोला जाता है तो इससे पर्यटक कम दूरी में लेह और लद्दाख जैसी अनूभूति यहां पर प्राप्त कर सकते हैं। कहा कि बर्फबारी के समय सड़क बंद होने पर पर्यटकों को रोका जा सकता है लेकिन अन्य समय पर वहां पर पर्यटक आवाजाही कर सकते हैं।
साथ ही गंगोत्री नेशनल पार्क के गड़तांग गली को भी बाहर माह पर्यटकों के लिए खोल देना चाहिए। रावत ने कहा कि पर्यटक शीतकाल में भी गड़तांग गली का दीदार करना चाहते हैं लेकिन वह बर्फबारी से कुछ माह पूर्व ही बंद हो जाने के कारण सैलान मायूस होते हैं। कहा कि हाल ही में जनपद में हुए विंटर टूरिज्म कॉन्क्लेव के समय भी टूर ऑपरेटर नेलांग और जादूंग घूम कर आए थे। इसलिए उनका भी कहना है कि इस घाटी को बारह माह पर्यटन के लिए खोला जाए। क्योंकि अब जादूंग में होमस्टे का निर्माण भी चल रहा है।