मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत हुई प्रतियोगिता
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र की विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में बड़ेथी की टीम ने प्रथम, गंगोरी की टीम ने द्वितीय और साल्ड की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लंबी कूद में जोशियाड़ा न्याय पंचायत के अश्विन प्रथम, गंगोरी न्याय पंचायत के अंश द्वितीय और सौरा न्याय पंचायत के आयुष तृतीय रहे। वहीं, 35 किलोग्राम भार वर्ग की मुर्गा झपट प्रतियोगिता में साल्ड के अंशुमान ने प्रथम और सौरा न्याय पंचायत के आयुष रावत ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, प्रमुख डुंडा राजदीप परमार और प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार ने किया।
प्रतियोगिता राजकीय इंटर कॉलेज मातली के आईटीबीपी मैदान में आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को ई-कल्चर से ग्राउंड की ओर लाने के साथ ही विभिन्न खेल विधाओं में अपना हुनर दिखाने का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर बीडीओ भटवाड़ी अमित मंमगाई, युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, बीईओ भटवाड़ी हर्षा रावत, प्रधानाचार्य संदीप भट्ट, जिपंस हीरा लाल आदि थे।