पुरोला। बागवानी को आय का बेहतर माध्यम बनाने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण फलदार पौध तैयार करने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से जरमोला स्थित उद्यान प्रशिक्षण केंद्र में 15 दिवसीय नर्सरी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। उद्यान विभाग की ओर से आयोजित प्रशिक्षण में किसानों को पौध उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों के साथ नर्सरी प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को ग्राफ्टिंग, बडिंग और कलम तैयार करने जैसी तकनीकों से लेकर पौधों की देखभाल, पौध संरक्षण, सिंचाई और पोषण प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। सहायक निदेशक, उद्यान प्रशिक्षण केंद्र जरमोला डॉ. ज्योति बजेली ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना है।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर जानकारी देने के साथ किसानों को तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी उपलब्ध कराएंगे। 15 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई किसान प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर सहायक प्रशिक्षण अधिकारी देवराज सिंह, केंद्र प्रभारी चंद्रपाल रिडवाल, उद्यान अधिकारी संदीप चौहान, कार्तिकेय, मयंक मौजूद रहे। संवाद