यात्रियों और कांवड़ियों को जान जोखिम में डालकर करना पड़ा हाईवे पार
उत्तरकाशी /बड़कोट। लगातार बारिश ने उत्तरकाशी जिले में जनजीवन और यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को दिनभर मलबा और पत्थर गिरने से मार्ग बार-बार बंद होते रहे। कई स्थानों पर यात्रियों और कांवड़ियों को जान जोखिम में डालकर हाईवे पार करना पड़ा। जिले की 13 सड़कें अब भी बाधित हैं।
गंगोत्री हाईवे सुबह धरासू-नालूपानी के पास मलबा आने से बंद हो गया। सीमा सड़क संगठन ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए सुचारु किया। जिले में लगातार बारिश के चलते बृहस्पतिवार को आधा दर्जन से अधिक सड़कें दोबारा बंद हो गईं जबकि कई सड़कें पहले से ही बाधित थीं।
उधर, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलाई बैंड और हनुमान चट्टी के पास दिनभर पहाड़ी से चट्टानी मलबा और पत्थर गिरते रहे। मलबा गिरना कुछ देर के लिए रुकते ही कांवड़ यात्री, श्रद्धालु और स्थानीय लोग दौड़कर सड़क पार करते नजर आए। हाईवे को चालू रखने के लिए एनएच की मशीनें और कर्मचारी लगातार मलबा हटाने में जुटे रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि लगातार बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर मलबा आने से मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है। विभाग और निर्माण एजेंसी की टीमें मशीनों के साथ हर प्रभावित स्थल पर तत्काल मार्ग खोलने का प्रयास कर रही है। बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। भटवाड़ी क्षेत्र में पेड़ गिरने से सुबह बिजली आपूर्ति ठप हो गई जिसे दोपहर में बहाल किया गया। वहीं तिलाड़ी में पेड़ गिरने से 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित बनी हुई है।