नौगांव ब्लॉक के खनेड़ा गांव में ध्याणी मिलन कार्यक्रम का किया गया आयोजन
बड़कोट। नौगांव ब्लॉक के खनेड़ा गांव में ध्याणी मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव की ध्याणियों ने अपने आराध्य केदारी नरसिंह देवता को डेढ़ किलो चांदी का चिमटा भेंट किया। वहीं ग्रामीणों ने ध्याणियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
बात दें कि खनेड़ा गांव में ग्रामीणों ने नया मंदिर का निर्माण किया है। साथ ही गांव में मां भगवती राजराजेश्वरी के सानिध्य में नवनिर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत सप्तचंडी महायज्ञ का नौ दिवसीय भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान गांव की ध्याणियों ने अपना ध्याणी मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किया।
इस दौरान ध्याणियों ने अपने आराध्य देव जाखेश्वर, समेश्वर के सानिध्य में भव्य शोभा यात्रा निकाली जिसके बाद वह मंदिर परिसर पहुंचे। इसके साथ ही अपने आराध्य देवी-देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की जिसके बाद उन्होंने केदारी नरसिंह देवता को डेढ़ किलो चांदी का चिमटा भेंट किया। साथ ही देव डोलियों के साथ रासो नृत्य कर अपने मायके की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी।
गांव के मनमोहन चौहान ने बताया कि गांव में मां भगवती राजराजेश्वरी के सानिध्य में नवनिर्मित मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा के तहत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान चल रहे हैं। इस मौके पर मनमोहन चौहान, ऊषा राणा, प्रमिला रावत, मीना राणा, रुकमणी कांमोज, सरिता, सरोज, संगीता, जयेंद्री, अनिता, विनीता आदि मौजूद रही।