शीतकालीन यात्रा से पहले व्यवस्थाएं की जाएगी चाक-चौबंध
उत्तरकाशी। आगामी शीतकालीन यात्रा में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर अस्पतालों व मेडिकल रिलीफ पोस्ट तक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने दो दिवसीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य इकाइयों की व्यवस्थाएं परखीं और अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के पहले दिन रविवार को सीएमओ ने दोबाटा स्क्रीनिंग केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरादी, रानाचट्टी और जानकीचट्टी का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, ओपीडी संचालन, दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता जांची। उन्होंने सभी केंद्रों पर पर्याप्त दवाइयां और उपकरण रखने के साथ मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सोमवार को सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मखाल और कल्याणी का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, सूचना पटों और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि शीतकालीन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। निरीक्षण में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी मौजूद रहे।