आपदा में क्षतिग्रस्त हुई दुकानों को कराया जा रहा है खाली
भूस्खलन से कॉम्प्लेक्स की छह से अधिक दुकानें हो गई थी क्षतिग्रस्त
पुरोला। नगर क्षेत्र के पुरोला–मोरी सड़क पर स्थित नगर पालिका के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आपदा में क्षतिग्रस्त दुकानों को अब पालिका की ओर से खाली करवाया जा रहा है। लगातार तीन माह तक चली भारी बारिश और दो सितंबर को हुए भूस्खलन से कॉम्प्लेक्स की छह से अधिक दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान बरबाद हो गया।
दुकानों के पीछे हुए भूस्खलन के कारण मलबा और पत्थर अंदर घुस गए, जिससे दुकानों के शटर और दीवारें टूट-फूट गईं। व्यापारी जैसे-तैसे अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में सफल हुए लेकिन इसके बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं। पालिका प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से सभी दुकानों को एहतियातन खाली कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। छोटे व्यवसायियों का कहना है कि अब उनके सामने व्यवसाय जारी रखने का संकट खड़ा हो गया है।
मुख्य बाजार में दुकानें पहले से बुक हैं और निजी दुकानों का भारी किराया और लाखों की पगड़ी राशि देना छोटे कारोबारियों के लिए असंभव है। दुकानदार अंकुश भंडारी, जगेंद्र कंडारी, विजय हिमानी, कैलाश कुमार, नंदनी टेलर, कृष्णा पूजा स्टोर आदि ने कहा कि यदि पालिका कॉम्प्लेक्स की दुकानें सुरक्षा के साथ जल्द नहीं बनाई जाती हैं। तो दो-तीन वर्षों से यहां कारोबार कर रहे छोटे व्यापारियों की आजीविका पर बड़ा संकट आ जाएगा।
वहीं पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने बताया कि यह कॉम्प्लेक्स लोहे, टिन और लकड़ी से अस्थायी रूप से निर्मित था। इस बार की भारी वर्षा के कारण कुछ दुकानें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव के लिए दुकानों को खाली कराया जा रहा है। शाह ने बताया कि कॉम्प्लेक्स की मरम्मत और स्थायी निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।