पुरोला। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पागल कुत्ते की दहशत बनी है। पिछले कुछ दिनों में एक पागल कुत्ता छह लोगों को काट चुका है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से अभियान चलाकर पागल कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।
भाजपा नेता पवन नौटियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, राजपाल पंवार ने नगर पालिका प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कुत्तों को नहीं पकड़ा गया तो आने वाले दिनों में अन्य लोग भी इनके हमले का शिकार हो सकते हैं।
अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल ने बताया कि पागल कुत्तों को पकड़ने के लिए पालिका की टीम को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी। उधर, उपजिला चिकित्सालय पुरोला के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज असवाल ने बताया कि अस्पताल में कुत्ते के काटने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और कुत्ते के काटने से प्रभावित लोगों का नियमानुसार उपचार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुत्ते के काटने की स्थिति में किसी तरह की लापरवाही न बरतें और बिना देरी किए अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।