गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
उत्तरकाशी। मल्ला गांव में सोमवार सुबह छान की ओर जा रहे एक ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को भगाकर घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल उत्तरकाशी रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
मल्ला गांव निवासी व भाजपा नेता मनुजेंद्र रावत ने बताया कि मल्ला गांव निवासी जगबीर सिंह रावत सुबह करीब 6:30 बजे अपनी छान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे भालू ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और घायल को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
क्षेत्र में पिछले कुछ समय से भालू की आवाजाही लगातार बनी है। इससे खेतों और छानी की ओर जाने वाले ग्रामीणों में भय बना हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। वहीं, टकनौर रेंज अधिकारी शेखर सिंह राणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। क्षेत्र में भालू की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।