गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान दिवंगत विधायक गोपाल सिंह रावत की पत्नी शांति रावत ने विधानसभा चुनाव 2022 के लिए दावेदारी पेश की है। स्व. रावत की पत्नी ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है, तो वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं और पति के कार्यों को आगे बढ़ाएगीं।
रविवार को निवर्तमान दिवंगत विधायक गोपाल सिंह रावत के आवास पर समर्थकों ने उनकी स्मृति में बैठक का आयोजन किया। समर्थकों ने कहा के चार साल के कार्यकाल में स्व. रावत ने क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। स्व. रावत के समर्थकों ने उनकी पत्नी शांति रावत से 2022 के विधानसभा चुनाव में गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी करने का आवाहन किया। स्व. रावत की पत्नी शांति देवी ने कहा कि बीते चार सालों में गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। ऐसे में उनके पति के कार्यकाल में शुरू हुई विकास यात्रा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी यदि कार्यकर्ता व जनता मुझे सौंपना चाहती है, तो मैं सबकी अपेक्षाओं पर खरी उतरने का प्रयास करूंगी। शांति रावत ने कहा कि यदि पार्टी में 2022 विधानसभा चुनाव में टिकट देती है, तो मैं चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं।