निर्धारित पाठ्यक्रम समय पर पूरा करने पर उठ रहे हैं सवाल
नौगांव (उत्तरकाशी)। पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कलोगी में इंटर मीडिएट स्तर के महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी के चलते निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा करने पर सवाल उठ रहे हैं जिसका असर आगामी बोर्ड परीक्षा परिणाम पर पड़ सकता है।
अध्यापकों की कमी ने अभिभावकों की भी चिंता बढ़ा दी है।शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2025 में राइंका कलोगी को पीएमश्री अटल उत्कृष्ट विद्यालय का दर्जा दिया गया था। वर्तमान में विद्यालय में 255 छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं। अप्रैल माह में इस विद्यालय से अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और अर्थशास्त्र के प्रवक्ता स्थानांतरण हो कर दूसरे विद्यालयों में चले गए थे।
स्थानांतरित हुए शिक्षकों की जगह पर अभी तक अध्यापक नहीं आ पाए हैं जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक अध्यापक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रमेश इंदवाण ने शिक्षकों की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की कमी से बोर्ड परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
खंड शिक्षाधिकारी सौरभ पांडेय का कहना है कि जिन प्रवक्ताओं का स्थानांतरण हुआ है, वे सभी अनुरोध के आधार पर हुए हैं। नई नियुक्तियों का मामला निदेशालय स्तर का है। विद्यालय में अध्यापकों के रिक्त पदों की सूचना से उच्चाधिकारियों को लगातार अवगत करवाया जा रहा है।