राजकीय हाईस्कूल गंगाड़ का हाल, शिक्षा विभाग नहीं दे रहा है ध्यान
उत्तरकाशी। मोरी ब्लॉक के दूरस्थ गांव गंगाड़ के राजकीय हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी के कारण बच्चे अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हैं। वहीं कई छात्रों ने अन्यत्र प्रवेश ले लिया है, बावजूद इसके शिक्षा विभाग ध्यान नहीं दे रहा है।
स्थानीय निवासी नौनिहाल सिंह, राजपाल रावत ने बताया कि राजकीय हाईस्कूल गंगाड़ में गत एक वर्ष से नौवीं और दसवीं कक्षा एक शिक्षक के भरोसे चल रही है। गत वर्ष तक वहां पर हाईस्कूल की कक्षाओं के लिए चार शिक्षक थे, जिन्होंने विद्यालय अति दुर्गम में होने के कारण अपना तबादला करवा दिया। अब वहां पर एक ही शिक्षक है, जिससे नौवीं और दसवीं के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जहां गत वर्ष दसवीं में 42 छात्र-छात्राएं थे, वहीं इस वर्ष मात्र 15 ही रह गए हैं। साथ ही नौवीं में भी मात्र 16 छात्र-छात्राएं रह गए हैं।
इधर, खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार का कहना है कि राजकीय हाईस्कूल गंगाड़ में शिक्षकों की कमी को लेकर विभाग को पत्राचार किया गया है, वहां के लिए गेस्ट टीचर की मांग की गई है। इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों की संख्या घट रही है।
पांच साल से गणित का शिक्षक नहीं, छात्र परेशान
उत्तरकाशी। उच्च प्राथमिक विद्यालय सूरी में पांच साल से गणित विषय का शिक्षक नहीं है। अभिभावक व जनप्रतिनिधियों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में शीघ्र गणित विषय के शिक्षक की नियुक्ति करने की मांग की है। अभिभावक-शिक्षक समिति अध्यक्ष सियाराम, ग्राम प्रधान तराकोट मुलायम सिंह, कनिष्ठ उपप्रमुख उर्मिला, प्रधान बदाल्डा योगिता, ग्राम प्रधान सूरी जमुना, मध्याह्न भोजन समिति के राजवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 से गणित विषय के शिक्षक का पद रिक्त है, जिसके चलते विद्यालय में लगातार छात्रों की संख्या घटती जा रही है। वर्ष 2019 में जहां विद्यालय में 90 छात्र-छात्राएं थे, आज यह संख्या 58 रह गई है। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया। लेकिन वह समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। संवाद