एसटीएफ के सिपाही की उत्तरकाशी में चरस तस्करों से मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। हालांकि आला अधिकारी मुठभेड़ के बारे में कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
हिमाचल से मिले इनपुट के बाद उत्तराखंड एसटीएफ उत्तरकाशी के धौंतरी क्षेत्र में तस्करों की तलाश में गई थी। खबर लिखे जाने तक टिहरी से एसपी और उत्तरकाशी के आला अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक देर रात करीब 12 बजे जिला मुख्यालय से करीब 28 किलोमीटर दूर धौंतरी क्षेत्र में कुछ तस्करों को एसटीएफ ने दबोच लिया था। इसी बीच एक तस्कर ने फायरिंग कर दी। गोली एसटीएफ टीम में शामिल अनंत यादव को लगी। इसी बीच मौका पाकर तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए।
इधर घायल अनंत को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अनंत यादव हरिद्वार जिले के ज्वालापुर के रहने वाले थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश में 27 मार्च को स्थानीय कारोबारी को अफीम सप्लाई करने वाले विकासनगर के त्यूनी के मेहर सिंह को सवा किलो नशीले पदार्थ के साथ दबोचा गया था।
उससे हुई पूछताछ के आधार पर हिमाचल पुलिस ने उत्तराखंड एसटीएफ से संपर्क साधा था। वहां से मिले इनपुुट पर एसटीएफ की टीम उत्तरकाशी गई थी।