चारधाम यात्रा नोडल अधिकारी स्वास्थ्य के निरीक्षण में मामला आया सामने
बड़कोट। यमुनोत्री धाम के मार्ग की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े उठाए गए हैं। चारधाम यात्रा नोडल अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. रमेश आर्य के शनिवार को किए गए निरीक्षण में महानिदेशालय स्तर से तैनात विशेषज्ञ चिकित्सकों के ड्यूटी ज्वाइन नहीं करने का मामला सामने आया। बड़कोट और जानकीचट्टी में फिजिशियन एवं ऑर्थोपेडिक चिकित्सकों की तैनाती की गई थी लेकिन निरीक्षण के दौरान संबंधित डॉक्टर अपनी ड्यटी पर नहीं मिले। इसके अलावा बाहर से तैनात किए जाने वाले मेडिकल ऑफिसर और फार्मेसी ऑफिसर के भी उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई।
नोडल अधिकारी ने यमुनोत्री यात्रा मार्ग के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बढ़ती तीर्थयात्रा को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बड़कोट अस्पताल में डॉ. अंगद राणा, खराड़ी में डॉ. अनुष्का गुलेरिया, राना में डॉ. पवन कठैत और जानकीचट्टी में डॉ. अखिल राणा यात्रियों को स्वास्थ्य सेवाएं देते मिले।
यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने 23 सितंबर को स्वास्थ्य सचिव को पत्र भेजकर यात्रा के तहत तैनात फिजिशियन और ऑर्थोपेडिक चिकित्सकों के ड्यूटी से नदारद रहने का मामला उठाया था। अब नोडल अधिकारी के निरीक्षण में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों के ड्यूटी ज्वाइन न करने की जानकारी सामने आने से तैनाती और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।