पुसेली जंगल में बारिश, ओलावृष्टि के साथ गिरी बिजली
पुरोला। बीते मंगलवार देर शाम रामा सिरांई क्षेत्र के पुसेली जंगल में मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने से एक भेड़ सेवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले उपजिला चिकित्सालय पुरोला लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया।
पुरोला निवासी घायल लोकेंद्र सिंह पंवार पुत्र नीला सिंह राजकीय भेड़ पालन केंद्र थलकुंडी, कंडियाल गांव में भेड़ सेवक के पद पर तैनात हैं। मंगलवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच लोकेंद्र सिंह पुसेली जंगल में भेड़ चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और क्षेत्र में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज गर्जना शुरू हो गई। इसी बीच बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उनके साथ मौजूद भेड़ सेवक परीक्षित सिंह पंवार ने तत्काल सुनाली गांव में परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को करीब छह किलोमीटर पैदल डेरिका रोड लाए। वहां से निजी वाहन के माध्यम से उन्हें उपजिला चिकित्सालय पुरोला पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया। परीक्षित पंवार ने बताया कि बुधवार सुबह घायल को देहरादून ले जाया गया जहां फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।