पुरोला उत्तरकाशी में रिश्वत लेते धरे गए एसडीएम केके सिंह(लाल घेरे में) से पूछताछ करती विजिलेंस की टीम।
- फोटो : Amar Ujala
विजिलेंस की टीम ने बुधवार सुबह एसडीएम केके सिंह को उनके सरकारी आवास पर दस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसडीएम के आवास से साढ़े छह लाख रुपये नकद और 32 बोर की एक रिवाल्वर के साथ ही जमीन खरीद संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए गए। टीम एसडीएम को गिरफ्तार कर अपने साथ देहरादून ले गई।
पुरोला में तैनात नायब तहसीलदार कमलेश्वर प्रसाद नौटियाल ने विजिलेंस में शिकायत की थी कि एसडीएम उनकी वार्षिक गोपनीय आख्या बदलने के लिए रिश्वत मांग रहे हैं। इस पर मंगलवार को पुरोला पहुंची विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर बुधवार सुबह नौ बजे एसडीएम केके सिंह को उनके सरकारी आवास पर दस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा। एसडीएम की ओर से विरोध जताने पर मौके पर पुलिस को भी बुलाना पड़ा।
विजिलेंस की टीम ने एसडीएम के आवास से साढ़े छह लाख रुपये, 32 बोर की एक रिवाल्वर और रिश्तेदारों के नाम चार जमीन की खरीद संबंधी दस्तावेज भी बरामद किए। कुछ देर आवास पर ही पूछताछ करने के बाद विजिलेंस की टीम बरामद सामग्री के साथ एसडीएम को गिरफ्तार कर अपने साथ देहरादून ले गई। टीम में इंस्पेक्टर एचएस नेगी, विमल चंद टम्टा, कांस्टेबल मनोज शर्मा, सुनील रावत आदि शामिल थे।
हमेशा विवादित रहे एसडीएम
बीते चार साल से अधिक समय से उत्तरकाशी जनपद में तैनात एसडीएम केके सिंह का हमेशा विवादों से नाता रहा। डुंडा में एक शिक्षक एवं धरासू में एक व्यापारी को थप्पड़ रसीद करने पर वह विवादों में रहे। जून 2013 की आपदा के दौरान जिला मुख्यालय पर भी आपदा प्रभावितों से कई बार उनकी नोकझोंक हुई। मोरी ब्लाक के दोणी भीतरी क्षेत्र में जमीन खरीद एवं हरे पेड़ों पर आरी चलवाने के मामले में भी उनका नाम आया था। ब्यूरो