जिला स्काउट गाइड की जिला कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की मुहिम को स्कूलों के माध्यम से गली मुहल्लों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
सोमवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य की अध्यक्षता में स्काउट गाइड जिला कार्यकारिणी की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को स्काउटिंग का मुख्य विषय बनाया गया है। विद्यालयों एवं छात्र-छात्राओं के माध्यम से इस अभियान को गांव एवं गली मुहल्लों तक पहुंचाया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने ब्लाक संस्थाओं के माध्यम से सभी सरकारी एवं प्राइवेट विद्यालयों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। जिलासचिव डा.एसएस मेहरा ने बताया कि सितंबर माह में स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन का बेसिक कोर्स होना है। उन्होंने इसमें प्रत्येक विद्यालय से एक-एक शिक्षक एवं शिक्षिका के प्रतिभाग पर जोर दिया। जिला कोषाध्यक्ष मंगल सिंह पंवार ने संगठन की वित्तीय आख्या प्रस्तुत की। इस मौके पर राज्यपाल पुरस्कार उत्तीर्ण स्काउट गाइड को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में इंद्रमणि चमोली, पुरुषोत्तम धीमान, भजन सिंह, अरविंद पश्चिमी, सरोज रमोला, सहदेव बिष्ट, कृष्ण सिंह आदि अनेक शिक्षक शामिल हुए।