पूर्व कनष्ठि प्रमुख ने जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी को लिखा पत्र
नौगांव (उत्तरकाशी)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधीन लाखामंडल भंकोली मोटर मार्ग पर करवाए गए घटिया निर्माण कार्य की बरसात शुरू होने से पहले ही पोल खुल गई, जिस पर नाराजगी जताते हुए पूर्व कनिष्ठ प्रमुख श्याम सिंह राणा ने जांच की मांग की है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकार को जांच के लिए पत्र लिखा है।
लाखामंडल भंकोली मोटर मार्ग का पिछले पांच वर्ष से पीएमजीएसवाई पुरोला देखरेख कर रहा है। विभाग मोटर मार्ग के मरम्मतीकरण पर लाखों रुपये खर्च कर चुका है। गांव के श्याम सिंह राणा ने घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाकर सवाल उठाए हैं। सीडीओ को लिखे शिकायती पत्र में उन्होंने कहा है कि चार किमी पर लाखों रुपये की लागत से बनाए गए स्कपर पर छह माह में ही दरार आ गई है।
स्कपर की आड़ में यहां करवाए गए लाखों के घटिया सुरक्षा कार्यों की बरसात शुरू होने से पहले ही पोल खुल गई है, जबकि चार किमी पर क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की सुध नहीं ली गई। वाहन चालक जान जोखिम में डालकर वाहन को पास कर रहे हैं। यहां आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं अधिशाषी अभियंता पीएमजीएसवाई पुरोला योगेंद्र कुमार का कहना है कि जहां स्कपर में दरार आई उसे ठीक कर दिया जाएगा। क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार को भी दिखवाया जाएगा। भंकोली सड़क को हमारे अधीन पांच साल से अधिक का समय हो गया है, जिसके हस्तांतरण के लिए लोनिवि के साथ पत्राचार किया जा रहा है।