उत्तरकाशी। जिला कांग्रेस कमेटी ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा को लेकर लोकतंत्र बचाओ सप्ताह एवं वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान की घोषणा की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान के तहत आठ अक्तूबर को उत्तरकाशी में वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च निकाला जाएगा।
मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों, युवाओं के शामिल होने की बात कही गई है। रावत ने कहा कि मतदाता सूची और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि भाजपा जिन नेताओं के आधार पर कांग्रेस को घेर रही है उनमें से कई अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष से अपनी ही पार्टी में शामिल नेताओं से वरुणावत मामले को लेकर सवाल करने की बात कही। पत्रकार वार्ता में घनानंद नौटियाल, प्रदेश सचिव मनीष राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कनकपाल परमार, विजेंद्र नौटियाल, नैन सिंह बिष्ट, सुधीश पंवार, मुकेश रावत शामिल रहे। संवाद