उत्तरकाशी। उजेली स्थित कैलाश आश्रम के निकट गंगा स्नान घाट का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है। गत वर्ष की बरसात और गंगा का तेज बहाव के दौरान घाट क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे साधु संतो और स्थानीय श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन प्रेषित कर जल्द ही समस्या का निस्तारण करने की मांग की।
स्थानीय निवासी मंगल सिंह चौहान ने बताया कि कैलाश आश्रम क्षेत्र में बड़ी संख्या में साधु संत निवास करते हैं। साथ ही प्रतिदिन गंगा स्नान एवं पूजा अर्चना के लिए घाट का उपयोग करते हैं। लेकिन घाट क्षतिग्रस्त होने के कारण साधु संत और स्थानीय लोग जान जोखिम में डाल कर स्नान करते हैं। कहा कि इस संबंध में कई बार नगरपालिका और प्रशासन से घाट का पुनर्निर्माण की मांग की गई है। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, साधु संतो ने कहा कि साधु-संतों कि धार्मिक दृष्टि से यह स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात का मौसम नजदीक आने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। कहा यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने ने प्रशासन से शीघ्र गंगा स्नान घाट निर्माण की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं और आश्रम में रहने वाले संतों को सुरक्षित सुविधा मिल सके।