एक जुलाई को देव डोली वाद्य यंत्रों के साथ देवराना के लिए करेगी प्रस्थान
नौगांव (उत्तरकाशी)। रवांई घाटी के रुद्रेश्वर महाराज 30 जून को गर्भ गृह से बाहर निकल कर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। एक जुलाई को देव डोली वाद्य यंत्रों के साथ देवराना के लिए प्रस्थान करेगी जहां 65 गांव का सामूहिक देवराना राजकीय मेला डांडा की जातर आयोजित होगा।
मेले में धार्मिक आस्था लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम दिखता है। शाम चार बजे देव माली महाराज की मूर्ति को दूध का अभिषेक करवा कर हजारों श्रद्धालुओं को एक साथ दर्शन करवा कर आशीर्वाद देते हैं। सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए सरकार ने देवराना मेले को दो वर्ष पहले राजकीय मेला घोषित किया था।
देवराना मेले के बाद देव डोली करीब एक माह तक क्षेत्र भ्रमण करेगी। गांव-गांव में आयोजित मेलों में श्रद्धालु रुद्रेश्वर, महासू महाराज, बाबा बौखनाग, धर्मराज युधिष्ठिर और माता नाटेश्वरी पांच देव मूर्तियों के साथ दर्शन कर सकेंगे। रुद्रेश्वर महाराज एक वर्ष से तियां थान मंदिर के गर्भगृह में विराजमान हैं।
देवराना मंदिर समिति से जुड़ी तियां, बजलाड़ी, देवल सारी और कंडाऊ थान समितियों ने देव मूर्ती के गर्भगृह से बाहर निकालने के लिए भव्य तैयारियां शुरू कर दी है। तीयां के रुद्रेश्वर महाराज के पुजारी मोहित थपलियाल का कहना है कि देवराना मेला क्षेत्र का सबसे बड़ा मेला है जिसमें हजारों श्रद्धालु महाराज के दर्शन और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।