कोरोना के भय को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से बाहरी क्षेत्रों से आ रहे लोगों की पूरी जांच पड़ताल के बाद ही जिले में प्रवेश देने व कुछ समय के लिए पर्यटकों की आवाजाही बंद करने की मांग की है।
जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं के चलते हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक यहां पहुंचते हैं। आजकल कोरोना वायरस के आतंक के चलते पर्यटकों की संख्या में गिरावट तो आई है, बावजूद इसके कई पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों में संक्रमण का भय बना हुआ है और बाहरी क्षेत्रों से आए पर्यटकों को लोग संदेह की नजर से देख रहे हैं। जनपद में 80 विदेशी पर्यटक लंबी अवधि के वीजा पर निवास कर रहे हैं, जबकि मार्च में ही अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया, जर्मनी आदि देशों के 66 विदेशी पर्यटकों की आमद जिले में दर्ज हो चुकी है।
कोरोना वायरस की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोग बाहरी क्षेत्रों से आ रहे पर्यटकों की पूरी जांच पड़ताल के बाद ही जिले में प्रवेश की व्यवस्था करने या फिर कुछ समय के लिए पर्यटकों की आवाजाही प्रतिबंधित करने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को पुरोला में भाजपा के ओम प्रकाश नौडियाल, राजेश शर्मा, राजेंद्र गैरोला, राजेंद्र रावत, राधाकृष्ण नौटियाल, राजमोहन चौहान, सरतराम नौटियाल, भरतराम नौटियाल, प्रताप राणा, दशरथ पंवार आदि ने डीएम को ज्ञापन प्रेषित कर जिले में पर्यटकों की आवाजाही प्रतिबंधित करने की मांग की है।