डीएम ने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनकर दिए निर्देश
प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार करने को कहा
नौगांव (उत्तरकाशी)। सौली कस्बे में लगातार बढ़ रहे भू-धंसाव के बीच प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार देर शाम जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और खतरे की जद में आए परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से शिफ्ट करने की व्यवस्था तत्काल करने के निर्देश दिए।
प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे जिलाधिकारी ने स्थिति का जायजा लेने के साथ उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने तहसील प्रशासन को जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने को कहा। प्रशासन के निर्देश के तहत खतरे की जद में आए परिवारों को आवश्यकता के अनुसार सरकारी भवनों व किराये के सुरक्षित मकानों में अस्थायी रूप से ठहराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने साफ किया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर रखने के दौरान उनकी मूलभूत जरूरतों की भी समुचित व्यवस्था की जाए। इसके लिए खाद्य आपूर्ति विभाग को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने, सामुदायिक रसोई संचालित करने व प्रत्येक प्रभावित परिवार को सूखा राशन किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बीते सात अगस्त की रात स्योरी रोड से शुरू हुए भू-धंसाव के बाद सौली कस्बे में एक दर्जन से अधिक आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। प्रभावित परिवारों ने जिलाधिकारी के समक्ष विस्थापन की मांग रखी की। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बृजेश तिवारी, जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी, सुनील कोहली, जगदीस असवाल, विजय सिंह, श्याम लाल, अरविंद चौहान, राकेश जैन मौजूद रहे।