नौगांव विकासखंड का राजतर- नंदगांव मोटर मार्ग जानलेवा बना हुआ है। मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे यहां हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वही विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मोटर मार्ग के दोनों ओर कुछ आवासीय भवन बने हुए हैं, जिससे पानी की निकासी व्यवस्था नहीं हो पा रही है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीता रावत व ग्राम प्रधान बादर सिंह ने बताया कि मार्ग की दुर्दशा के संबंध में विभागीय अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप से बताया गया है, लेकिन आज तक सड़क की दशा सुधारी नहीं है। ग्रामीण जगमोहन सिंह ने बताया कि सड़क पर डामरीकरण किए जाने की लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी है। वहीं पीडब्ल्यूडी बड़कोट के ईई संजय सिन्हा ने कहा कि सड़क के दोनों ओर कुछ मकान होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे दिक्कत आ रही है। इसे जल्द सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद