केदारनाथ में देवस्थानम बोर्ड के विरोध में तीर्थपुरोहितों का आंदोलन 24वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए आरपार की लड़ाई का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें जो आश्वासन दिए थे, वे अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं।
धाम में आचार्य संजय तिवारी के नेतृत्व में तीर्थपुरोहितों ने मंदिर परिसर में धरना दिया। उनका कहना था कि डेढ़ वर्ष से देवस्थानम बोर्ड के विरोध में चारधाम के तीर्थपुरोहित व हक-हकूकधारी आंदोलनरत हैं लेकिन सरकार उनकी सुध लेेने के बजाए मुख्यमंत्री बदलने में लगी हुई है। पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने पदभार ग्रहण करने के बाद देवस्थानम बोर्ड को लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया था लेकिन वे सीएम रहते हुए इस दिशा में कोई निर्णय लेना तो दूर उनसे बातचीत तक भी नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि बोर्ड भंग होने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही आंदोलन को तेज करते हुए अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस मौके पर पवन तिवारी, पुष्कर शुक्ला, ऋषि अवस्थी, प्रवीण तिवारी, राम प्रसाद समेत कई तीर्थपुरोहित मौजूद थे।