अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त सैनिकों की त्रैमासिक बैठक में उनकी समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। आईटीबीपी 12वीं वाहिनी मातली के सेनानी केदार सिंह रावत ने हिमवीरों के बच्चों को सेना एवं अर्द्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण शिविर चलाने की बात कही।
सेनानी केदार सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को आईटीबीपी आदि अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के सेवारत एवं सेवानिवृत्त जवानों के बच्चे सेना एवं अर्द्धसैनिक बलों में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
इसके लिए वाहिनी की ओर से विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व अर्द्धसैनिक संगठन कल्याण समिति के अध्यक्ष बचन सिंह नेगी, जयपाल सिंह, सुंदर सिंह कुंडरा, मेजर प्रकाश सिंह, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे।
सतत मिलाप टीमें करेंगी पूर्व सैनिकों से मुलाकात
सेना की गढ़वाल राइफल की सतत मिलाप टीमों ने भी जिले में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से मुुलाकात कर उनकी समस्याओं के समाधान का कार्यक्रम तय किया है। 15 गढ़वाल राइफल के सूबेदार राकेश चंद्र ने बताया कि सतत मिलाप टीम 27 से 30 मई तक उत्तरकाशी के पुरोला, 1 से 6 जून तक मोरी और 7 से 10 जून तक देहरादून के चकराता ब्लाक में पूर्व सैनिकों से मुलाकात करेगी।
5 गढ़वाल राइफल के नायब सूबेदार नरदेव प्रसाद ने बताया कि उनकी बटालियन की सतत मिलाप टीम 28 से 31 मई तक भटवाड़ी, 1 से 6 जून तक गंगोत्री क्षेत्र और 7 से 11 जून तक नौगांव यमुनोत्री क्षेत्र में पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का समाधान करेगी।