पुरोला। नगर पालिका पुरोला की ओर से रवांई महोत्सव बाजार जातर एवं विकास मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई है। एक फरवरी से शुरू होने वाले विकास मेले का आयोजन 15 फरवरी तक होगा।
बुधवार को नगर पालिका पुरोला की पहल पर उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला की उपस्थिति और नगर पालिकाध्यक्ष बिहारीलाल शाह की अध्यक्षता में क्षेत्र के व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की गई। बैठक में स्थानीय लोगों ने मेले के आयोजन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान व्यापार मंडल के लोगों ने कहा कि मेला 15 दिन का हो तो बेहतर रहेगा।
पालिका प्रशासन ने कहा कि इस पर भविष्य में विचार किया जाएगा। फिलहाल मेले का आयोजन 15 दिन तक चलेगा। मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित करने का सुझाव भी दिया गया। पालिकाध्यक्ष बिहारीलाल शाह ने बताया कि 15 दिवसीय मेले का उद्घाटन मटिया महासु, ओडारू एवं जखंडी की देव डोलियों के सानिध्य में विधिवत रूप से किया जाएगा।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, उपेंद्र असवाल, राजपाल पंवार, जगमोहन नौडियाल, धीरेंद्र सिंह नेगी, अनुराधा गुसाईं, जगवीर रावत, बद्री प्रसाद नौडियाल उपस्थित रहे।