गुंदियाट गांव इंटर कॉलेज का किया दौरा, कई घोषणाएं की
पुरोला। उत्तराखंड मूल के लंदन निवासी प्रमुख व्यवसायी राज भट्ट ने अपने गृह क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने गुंदियाट गांव स्थित इंटर कॉलेज का दौरा कर आवश्यकताओं का जायजा लिया और विद्यालय व छात्रों के लिए कई घोषणाएं की।
शुक्रवार को गुंदियाट गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज के लिए एक कंप्यूटर, छात्रों के शौचालय, एक डिजिटल बोर्ड देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने मेधावी और जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा के लिए बड़ा सहयोग किया। उन्होंने विद्यालय के छात्राओं की फीस, लैपटॉप और 2500 की स्कॉलरशिप देने का वादा किया।
इस दौरान उन्होंने देविका और श्रुति को इंटर में अच्छे अंक लाने पर लैपटॉप और भविष्य में मेडिकल की तैयारी के लिए सहयोग देने की बात कही। वहीं, उन्होंने अभय प्रसाद को सीयूटी में अच्छा कॉलेज मिलने पर आगे की पूरी शिक्षा का खर्च स्वयं वहन करने का आश्वासन दिया। प्रधानाचार्य देवेंद्र सजवान, शिक्षक कवींद्र चौहान, नितिन रावत, मनवीर रावत और ओम प्रकाश नेगी ने राज भट्ट के इस योगदान की सराहना की।