कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती एक गांव में एक युवक की अचानक मौत होने पर लोग कोविड के संदेह के चलते उसके पास जाने को राजी नहीं हुए। तब उत्तरकाशी पुलिस ने युवक का कोविड गाइड लाइन के अनुसार अंतिम संस्कार कर मानवता का परिचय दिया।
बीते रोज जिला मुख्यालय के निकटवर्ती एक गांव में एक युवक की अचानक मौत हो गई। यह युवक कुछ समय पहले ही झारखंड से लौटा था। ऐसे में उसे कोविड संक्रमित मानकर ग्रामीण उसे हाथ लगाने को राजी नहीं हुए। थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि सूचना मिलने पर उन्होंने डुंडा चौकी प्रभारी एसआई संजय शर्मा व कांस्टेबल गिरीश, सुशील तोमर एवं कविता को मौके पर पहुंचा। कोरोना संक्रमण के भय से ग्रामीण शव के पास जाने में घबरा रहे थे। तब पुलिस ने इंसानियत का परिचय देते हुए पीपीई किट पहनकर कोविड गाइड लाइन के अनुसार परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार कराया।