जीआईसी मानपुर में नवयुवक मंगल दल ने किया आयोजन
उत्तरकाशी। राजकीय इंटर कॉलेज मानपुर में नवयुवक मंगल दल की ओर से आयोजित दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता सीजन 2 का समापन हो गया। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की 10 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में पीके वॉरियर्स ने अठाली गांव की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का समापन मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस दौरान फाइनल मुकाबला अठाली गांव और पीके वॉरियर्स के बीच खेला गया। इसमें पीके वॉरियर्स ने 10 अंक हासिल कर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने खेलों को बढ़ावा देने और नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प भी लिया।
इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य साजन कोहली, ग्राम प्रधान शंकर भट्ट, नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष विवेक भट्ट, गौरव भट्ट, सुमन भट्ट, मनवीर भंडारी, आदित्य, रविकांत, धनपाल, दीपक भंडारी आदि मौजूद रहे।