नौगांव व बड़कोट में लोगों को जल्द पार्किंग समस्या से निजात मिलेगी। तहसील प्रशासन ने इन दोनों स्थानों पर पार्किंग के लिए दो-दो स्थान चयनित किए हैं। वहीं चयनित स्थानों पर पार्किंग निर्माण के लिए बड़कोट नगर पालिका व नौगांव नगर पंचायत ने इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेज दिए हैं।
बड़कोट व नौगांव यमुनोत्री के दो प्रमुख पड़ाव हैं। यात्रा सीजन के दौरान यहां बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं, लेकिन इन दोनों स्थानों पर पार्किंग सुविधा नहीं है। जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। एसडीएम बड़कोट चतर सिंह चौहान ने बताया कि बड़कोट व नौगांव में दो-दो स्थान चयनित कर स्थानीय निकाय प्रशासन को दे दिए गए हैं। स्थानीय निकाय इन स्थानों पर पार्किंग बना सकती है। बड़कोट पालिकाध्यक्ष अनुपमा रावत व नगर पंचायत अध्यक्ष शशि मोहन राणा ने बताया कि प्रशासन की ओर से चयनित स्थल पर पार्किंग निर्माण के लिए इस्टीमेट शासन को भेज दिया है।