सरफेस वाहन पार्किंग बनने से इस बार यात्रियों को नौगांव में जाम से मिलेगी निजात
नौगांव (उत्तरकाशी)। नगर पंचायत में शिव मंदिर के समीप पौने तीन करोड़ की लागत से बन रही सरफेस वाहन पार्किंग का इस वर्ष चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। पार्किंग लगभग बनकर तैयार है और अब हैंडओवर होना बाकी है। इससे नौगांव में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से भी यात्रियों को इस बार निजात मिलने की उम्मीद है।
मुख्य बाजार से 50 मीटर की दूरी पर स्थित वाहन पार्किंग में 60 से 70 वाहनों के पार्क की व्यवस्था है। कार्यदायी संस्था लोनिवि बड़कोट चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले वाहन पार्किंग नगर पंचायत को हैंड ओवर कर देगी जिसका नगर पंचायत अपनी आय बढ़ाने के लिए निर्धारित शुल्क पर संचालन करेगी।
नगर पंचायत में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से चारधाम यात्रा के दौरान लोगों को जाम से जूझना पड़ता है जिसका व्यापारियों के व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। पार्किंग की सुविधा न होने से यात्री भी रुकना पसंद नहीं करते। ऐसे में पार्किंग तैयार होने पर नौगांव में यात्रियों के ठहरने की उम्मीद की जा रही है जिससे यात्रा कारोबार में वृद्धि हो सकती है। अधिशासी अधिकारी शिवानी रावत का कहना है कि पार्किंग अभी नगर पंचायत को हैंड ओवर नहीं हुई है। हैंड ओवर होने पर नगर पंचायत द्वारा निविदा के माध्यम से शुल्क निर्धारित कर पार्किंग का संचालन करेगी जिससे नगर पंचायत की आय में बढ़ोत्तरी होगी।