उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेविएनएल) के धरासू पावर हाउस में इस साल निर्धारित लक्ष्य से अधिक बिजली उत्पादन होने पर प्रबंध निदेशक एसएन वर्मा ने कर्मचारियों को सम्मानित किया है। मंगलवार को चिन्यालीसौड़ स्थित यूजेविएनएल गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में यूजेविएनएल के एमडी एसएन वर्मा शिरकत करने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि धरासू पावर हाउस की 304 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता है। जल विद्युत निगम के एक दर्जन पावर हाउस में से धरासू पावर हाउस की सबसे अधिक उत्पादन क्षमता है, जिसे मनेरी भाली द्वितीय परियोजना के नाम से भी जाना जाता है।
वर्ष 2016 में धरासू पावर हाउस से 1171 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन धरासू पावर हाउस के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से लक्ष्य से अधिक 1271 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन किया है। उन्होंने बताया कि धरासू पावर हाउस में वर्ष 2008 से बिजली उत्पादन शुरू हुआ था।
एसएन वर्मा ने बताया कि डाकपत्थर में 20 मेगावाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट का कार्य चल रहा है। दूसरे चरण में धरासू पावर हाउस में भी सोलर पावर प्लांट लगाया जायेगा, जिसके लिए पहले सर्वेक्षण किया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान सरस्वती विद्यामंदिर के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया।
इस मौके पर निदेशक आपरेशन बीसी मिश्रा, डीजीएम एके सिंह, एलएम वर्मा, एसी जोशी, जीएम इरशाद अली, ब्रज भूषण, राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।