कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय के बाहर दिया धरना
बाले रोग विशेषज्ञ व सर्जन के रोस्टरवार सेवाएं देने की बात को बताया गलत
उत्तरकाशी। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया गया। कहा कि विभाग की ओर से सीमांत जनपद में बाल रोग विशेषज्ञ व सर्जन के रोस्टरवार सेवाएं देने की बात कही जा रही है लेकिन यह आम जनता के साथ बिल्कुल भी न्यायसंगत नहीं है। देहरादून से कोई भी डॉक्टर पहाड़ नहीं चढ़ेगा। इसलिए जब तक पूरी व्यवस्था नहीं की जाती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता प्रदेश सचिव मनीष राणा के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के बाहर पहुंचे। वहां पर उन्होंने जमकर नारेबाजी की। कहा कि प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीमांत जिले के लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कहा कि विभाग की ओर से बाल रोग विशेषज्ञ व सर्जन की सेवाएं रोस्टर वार देने की बात कही गई लेकिन पहले दिन ही दोनों विशेषज्ञों डॉक्टरों में से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा।
वहीं दूसरी ओर महिला अस्पताल में भी अभी तक विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती नहीं हो पाई है। इस कारण हर दिन बीमार बच्चों व गर्भवती महिलाओं को रेफर किया जा रहा है। कांग्रेस ने कहा कि पहाड़ में प्रदेश सरकार की नितियों के चलते कोई भी डॉक्टर नहीं आना चाहता है। कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की रोस्टरवार नहीं, बल्कि स्थाई तैनाती होनी चाहिए। उनके धरने को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती स्थाई तौर पर हुई है।
सर्जन कुछ दिन रोस्टर पर रहेंगे। उसके बाद स्थाई तैनाती होगी। साथ ही महिला रोग विशेषज्ञ दो दिन बाद ज्वाइन करेंगी। उसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त किया। इस मौके पर मनीष राणा, केशव नौटियाल, विक्रम रावत, किरन रावत, मधु रावत, मनोज राही, मनोज पंवार, एकादशी, राखी राणा, आजाद, सूरज, संजीव, दीपक, ऋषभ आदि मौजूद रहे।