जसपुर के ग्रामीण सड़क डामरीकरण के लिए 17 दिन से हैं आंदोलित
चिन्यालीसौड़। जसपुर गांव के ग्रामीणों की सड़क डामरीकरण की मांग को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन के बाद भी प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उनकी सुध लेने 10 किमी की दूरी भी तय नहीं कर पाए। जबकि अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में जानकारी है, जल्द ही ग्रामीणों से वार्ता करने गांव पहुचेंगे।
जसपुर गांव में पांच किमी लंबी सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों का क्रमिक अनशन 17वें दिन भी जारी रहा। अनशन पर बैठे बलदेव चौहान, जयेंद्र राणा, राकेश लाल, रमेश पंवार ने कहा कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उनकी सुध नहीं ले रहे हैं। इसलिए अब आगे अपनी मांग मनवाने के लिए कठिन कदम उठाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की रहेगी।
सड़क का निर्माण वर्ष 2015 में हो गया था, लेकिन उसके नौ वर्ष बीतने के बाद भी सड़क का डामरीकरण नहीं हो पाया है। शायद अब विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। वहीं डीएम को दिए ज्ञापन के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। इससे यही लगता है कि अब सरकारी सिस्टम में किसी भी सुनवाई की उम्मीद करना बेईमानी होगी। इसलिए अब कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।