जिले के करीब 700 पात्रों को सरकार की विभिन्न खाद्य योजनाओं का लाभ मिलेगा। अब तक जनपद में कई अपात्र इन योजनाओं का लाभ ले रहे थे। पूर्ति विभाग ने अपात्र उपभोक्ताओं के कार्ड निरस्त कर पात्र उपभोक्ताओं को इन खाद्य योजनाओं में शामिल किया है।
उत्तरकाशी में करीब 77 हजार राशन कार्ड धारक हैं। इनमें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, राज्य खाद्य सुरक्षा योजना, बीपीएल व अंत्योदय खाद्य योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं। पूर्ति विभाग की ओर से राशन कार्डों को ऑनलाइन किए जाने के दौरान कई अपात्र कार्ड धारक मिले थे। इस संबंध में 21 अगस्त के अंक में ठेकेदारी करनी हो तो अमीर, राशन के लिए बने गरीब शीर्षक से खबर भी प्रकाशित की थी। अब पूर्ति विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब ऐसे 700 धारकों के कार्ड निरस्त किए हैं। साथ ही इनके स्थान पर पात्रों को विभिन्न खाद्य योजनाओं में शामिल कर राशन कार्ड आवंटित किए गए हैं। पूर्ति विभाग का कहना है कि अभियान अभी भी जारी है।
कोट :
जिले में विभिन्न खाद्य योजनाओं के करीब 700 कार्ड निरस्त किए गए हैं। ये सभी उपभोक्ता योजनाओं के पात्र नहीं थे। इनके स्थान पर पात्र उपभोक्ताओं को खाद्य योजनाओं के कार्ड आवंटित किए गए हैं। प्रयास है कि सभी पात्र उपभोक्ताओं को योजनाओं का लाभ मिल सके।-मनोज सोनी, प्रभारी डीएसओ, उत्तरकाशी।