पेयजल पंपिंग योजना की मांग को लेकर 38 दिन से आंदोलित हैं लोग
बड़कोट। पेयजल पंपिंग योजना की वित्तीय स्वीकृति की मांग को लेकर तहसील परिसर में नगरवासियों का धरना 38वां दिन भी जारी रहा। उन्होंने शीघ्र ही मांग का निस्तारण नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया। वहीं शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान स्कूली बच्चों के शामिल होने के मामले में एसडीएम व उपखंड शिक्षा अधिकारी ने आईटीआई सहित सात स्कूलों को नोटिस भेजे।
गत चार महीने से पेयजल संकट गहराया हुआ है। पानी के लिए बड़कोट तहसली में नगर के लोग पिछले 38 दिन से धरना और भूख हड़ताल कर रहे हैं। वहीं शनिवार को धरना स्थल पर आंदोलनकारियों, नगरवासियों और अभिभावकों की एक बैठक हुई, जिसमें प्रशासन की ओर से स्कूलों को भेजे नोटिस पर निंदा प्रस्ताव पारित किया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को नगर क्षेत्र में शांतिपूर्ण से जनाक्रोश रैली निकाली थी। इसके बावजूद प्रशासन ने स्कूलों को नोटिस दे दिया, जिसका विरोध किया जाएगा।
कहा कि प्रशासन पानी तो नहीं दे रहा है, बल्कि उनको डराने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही पेयजल पंपिंग योजना की वित्तीय स्वीकृति नहीं कि गई तो वह उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सुनील थपलियाल, अजय रावत, धनवीर रावत, सोबन सिंह, राजाराम जगूड़ी, जशोदा राणा, प्रवीन सिंह आदि मौजूद रहे।