चिन्यालीसौड़। सिलक्यारा टनल के ब्रेकथ्रू कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से की गई घोषणाओं पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर ब्रह्मखाल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि 16 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में हेलीपैड निर्माण, सिलक्यारा से बौखनाग तक पैदल ट्रैक की घोषणा की गई थी जो अभी तक धरातल पर नहीं उतरी है।
गेंवला के ग्राम प्रधान गिरीराज सिंह रावत, प्रमेंद्र सिंह भंडारी, कृपाल सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों का कहना है कि घोषणाओं के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी थी कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
जनप्रतिनिधियों के अनुसार ब्रह्मखाल क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातक स्तर पर विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए उत्तरकाशी जाना पड़ता है। वहीं बेहतर उपचार के लिए भी लोगों को करीब 40 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय की ओर जाना पड़ता है। गरीब परिवारों के लिए बार-बार इतनी दूरी तय करना आर्थिक रूप से भी भारी पड़ता है। जनप्रतिनिधियों ने घोषणाओं को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की है। संवाद