शहर में जिस वार्ड का कूड़ा उसी में डंप किए जाने की नई व्यवस्था के चलते कई वार्डों में सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। स्थिति ये है कि कई वार्डों में कूड़ा डंपिंग के लिए जगह की कमी के चलते कूड़ेदान भर गए हैं। उनके आसपास कूड़े का अंबार लग गया है। वार्डों के आम रास्तों और गलियों में भी गंदगी नजर आ रही है।
नगर पालिका बाड़ाहाट (उत्तरकाशी) ने तांबाखाणी में कूड़ा डंपिंग के विरोध के बाद जिस वार्ड का कूड़ा उसी में डंप करने का निर्णय लिया है जबकि यहां कई वार्डों में भूमि की कमी के चलते कूड़ा डंपिंग के लिए जगह नहीं है। ज्ञानसू में गंगोत्री हाईवे किनारे रखा कूड़ादान कचरे से भर चुका है। यहां आसपास भी कूड़े का ढेर लग गया है जिससे उठती दुर्गंध के कारण हाईवे पर आवाजाही करने वाले स्थानीय लोगों व कांवड़ यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिस वार्ड का कूड़ा होगा, उसी वार्ड में डंप होगा। पल्ला ज्ञानसू में जमीन नहीं मिलने से दिक्कत हो रही है। जहां जमीन नहीं मिली, उस वार्ड का कूड़ा वहीं छोड़ दिया जाएगा।
-रमेश सेमवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका उत्तरकाशी।
वार्ड में जगह की कमी को लेकर पालिका अध्यक्ष व ईओ को अवगत कराया गया है। मैं वार्ड के लोगों के साथ बैठक कर समस्या पर विचार विमर्श के बाद ही कोई फैसला लूंगी। इस संबंध में जल्द बैठक बुलाई जाएगी।
-सविता भट्ट, सभासद, वार्ड 11 पल्ला ज्ञानसू।