प्राइवेट जनरेटर के कारण कमजोर हो रही है नींव
उत्तरकाशी। केदार मार्ग स्थित नगर पालिका गेस्ट हाउस की इमारत जर्जर हालत में पहुंच गई है और कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका है। वहां पर आसपास लगातार चल रहे प्राइवेट जनरेटर के कारण भवन की नींव कमजोर हो गई है जिससे इमारत का पिछला हिस्सा पूरी तरह धंस गया है। साथ ही सीवर लाइन भी लंबे समय से ध्वस्त पड़ी है जिससे गंदा पानी भवन की तलहटी पर एकत्रित होने से धंसाव तेजी से हो रहा है।
केदार मार्ग में नगर पालिका के गेस्ट हाउस से सटे शौचालय के ऊपर काफी समय पहले से एक निजी संस्था का जनरेटर लगाया गया है। जनरेटर से होने वाले लगातार कंपन के कारण उसी हिस्से में भवन की नींव हिल रही है और इमारत नीचे की ओर आधी धंस चुकी है। स्थिति यह है कि हल्के भूकंप के झटकों के दौरान पूरी बिल्डिंग डोलने लगती है जिससे वहां रह रहे लोग दहशत में हैं।
स्थानीय निवासी अभिषेक, जय प्रकाश का कहना है कि यदि जल्द ही जनरेटर को वहां से नहीं हटाया गया तो इमारत कभी भी धराशाही हो सकती है और बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनरेटर को वहां से तत्काल हटाया जाए और भवन की आवश्यक मरम्मत कराई जाए। साथ ही स्थानीय लोगों ने परिसर में क्षतिग्रस्त पड़ी सीवर लाइन को भी जल्द दुरुस्त करने की मांग उठाई है जिससे गेस्ट हाउस में रह रहे लोगों को राहत मिल सके। पालिकाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं था। सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।