जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाई समस्या
उत्तरकाशी। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जिले में लगे बीएसएनएल के मोबाइल टावरों के संचालन नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। इस पर टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने अधिकारियों को जल्द समस्या हल करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में टिहरी सांसद की अध्यक्षता में समिति की बैठक हुई। सांसद ने पीएमजीएसवाई के सड़क निर्माण और विद्यालयों में शिक्षकों की कार्यप्रणाली और कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना, जननी सुरक्षा योजना एवं जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, पीएम आदर्श ग्राम योजना, पीएम कृषि सिंचाई योजना, फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन,पीएम पोषण योजना आदि योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
बैठक में डीएम प्रशांत आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दुर्गेश्वर लाल, दर्जधारी जगत सिंह चौहान, रामसुंदर नौटियाल, प्रताप सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, रणवीर सिंह महंत ,नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल मौजूद थे।