इस बार चार धाम यात्रा के प्रति अच्छे रुझान और यात्रा मार्ग में हुए सुधार से तीर्थ पुरोहितों के चेहरे भी खिले हुए हैं। गंगोत्री के तीर्थ पुरोहितों ने राष्ट्रपति शासन के इस दौर में चार धाम यात्रा की मॉनीटरिंग का जिम्मा केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण करने वाले निम के प्रधानाचार्य कर्नल अजय कोठियाल को सौंपने की मांग की।
गंगा महासभा के प्रदेश महामंत्री एवं गंगोत्री मंदिर समिति के पूर्व सचिव हरीश सेमवाल, श्री पांच पुरोहित गंगा सभा के सचिव सुमेश सेमवाल, मंदिर समिति के पूर्व सचिव दीपक सेमवाल, कृपाराम सेमवाल आदि तीर्थ पुरोहितों ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में चार धाम यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की।
उन्होंने गंगोत्री हाईवे चाक चौबंद करने के लिए बीआरओ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राज्यपाल से चार धाम यात्रा की मॉनीटरिंग का जिम्मा कर्नल कोठियाल को सौंपने की मांग की। साथ ही उन्होंने तीर्थधामों में पूर्व की भांति सब्सिडी पर मिट्टी तेल मुहैया कराने, बिजली, पानी, दूरसंचार सेवाएं चाक चौबंद करने, धाम एवं यात्रा पड़ावों पर शौचालयों के निर्माण, उत्तरकाशी में पार्किंग व्यवस्था आदि की मांग भी की।