विक्की पयाल को मिला सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार
नई टिहरी। आओ युवाओं, मैदान चलें अभियान के तहत डॉ. ऐपीजे अब्दुल कलाम विचार मंच और सम्राट स्पोर्ट्स एकेडमी की पहल पर आयोजित तृतीय टी-10 ओपन क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब मोलधार फाइटर्स ने जीत लिया। विजेता टीम के खिलाड़ी विक्की पयाल को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।
बौराड़ी स्टेडियम में अपर समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान ने फाइनल मैच का शुभारंभ करते हुए युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी सक्रिय रहने की अपील की। मंच के प्रदेश अध्यक्ष असद आलम ने बताया कि फाइनल मैच टिहरी पुलिस और मोलधार फाइटर्स के बीच खेला गया जिसमें पुलिस की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर 88 रन बनाए।
विपक्षी टीम से अजय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मोलधार फाइटर्स की टीम के 12 रनों पर 2 विकेट आउट हो गए लेकिन इसके बाद गोकुल ने 29 और गौरी ने 30 ने नाबाद पारियां खेलते हुए 8.2 ओवर में टूर्नामेंट जीत लिया। पुलिस की ओर से रजनीश ने 2 और प्रदीप ने एक विकेट लिया।
पुलिस टीम के सुरेश को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रजनीश को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। अजय फाइनल में मैन ऑफ द मैच रहे। समापन पर भाजपा के जिलाध्यक्ष उदय रावत ने विजेता टीम को 3100 और उपविजेता टीम को 2100 रुपये के साथ ट्राफी भेंट की। इस मौके पर अर्जुन बलूनी, राजेश नेगी, आकाश, संजय बिष्ट, अनिरुद्ध राणा, गौरव सिंह, आयुष बॉबी, कविंद्र रावत, सुनील, फहाद शेख, संजय घिल्डियाल, अमित बिष्ट, विकास गुसाईं, वसीम सिद्दीकी, दीवाकर बेलवाल मौजूद रहे।