गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने हाल ही में कुरोली ग्राम पंचायत से अलग होकर अस्तित्व में आई साड़ग ग्राम पंचायत का उद्घाटन किया। ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण की मांग की।
बीते त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले भटवाड़ी प्रखंड की कुरोली ग्राम पंचायत से अलग कर साड़ग ग्राम पंचायत का गठन किया था। रविवार को गांव पहुंचे गंगोत्री विधायक गोपाल रावत का प्रधान सावित्री देवी ने शॉल भेंट कर सम्मान किया। प्रधान ने गांव तक सड़क निर्माण के साथ ही अन्य समस्याएं एवं मांगें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने कहा कि विकास के लिए छोटी इकाइयां जरूरी हैं। अलग ग्राम पंचायत बनने से निश्चित ही साड़ग गांव के विकास में तेजी आएगी। इस मौके पर भटवाड़ी की ब्लाक प्रमुख विनीता रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रताप रावत, जगमोहन रावत, गिरीश रमोला, शंभू सिंह पंवार, मनोज पंवार, धर्मवीर पंवार, श्यालिकराम भट्ट, धीरेंद्र चौहान, चंदन सिंह राणा, अजीत पंवार, सूरत सिंह गुसाईं आदि मौजूद रहे।