12 सूत्री मांगें पूरा करने की उठाई मांग, जल्द निस्तारण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तरकाशी। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन से जुड़े कर्मचारियों ने 12 सूत्री मांगों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर मांगों के जल्द निस्तारण की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कर्मचारियों ने कनिष्ठ सहायक का ग्रेड वेतन लेवल-5 करने, प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी के पदों को समाहित कर प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पदों का पुनर्गठन करने की मांग की। साथ ही एक पद उप निदेशक लेवल-9 के अतिरिक्त सृजित करने की मांग उठाई। उन्होंने जिन विभागों में पदोन्नति नहीं हो रही है, वहां पदोन्नत एसीपी की व्यवस्था लागू करने, मिनिस्ट्रीयल पदों का पुनर्गठन जल्द कराने की मांग की। वहीं, कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध करने, गोल्डन कार्ड की समस्याओं का समाधान, स्थानांतरण अधिनियम की कठिनाइयां दूर करने और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के कर्तव्य एवं दायित्व संबंधी संशोधित शासनादेश जारी करने आदि की मांग की। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष अजय सिंह रावत, जयप्रकाश बिजल्वाण, अनिल रावत, जयप्रकाश गौड़, केपी मेहता, प्रेम प्रकाश नौटियाल, सुरेंद्र प्रसाद, यशपाल बिष्ट, बलवंत असवाल आदि मौजूद रहे।
कर्मियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया
नई टिहरी /घनसाली। उत्तरांचल फैडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन ने कलेक्ट्रट परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि गेट मिटिंग कर आंदोलन की रणनीति बनाने के बाद भी सरकार पदोन्नति में पूर्ववर्ती शासनादेश लागू करने, मिनिस्ट्रीयल के पदों का पुर्नगठन और पुरानी पेंशन बहाल करने आदि की मांग पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं कर पाई है जिससे कार्मिकों में रोष है।
कलेक्ट्रेट परिसर में धरनास्थल पर हुई सभा में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पूरण सिंह राणा ने कहा कि सरकार से शीघ्र मांगों के निराकरण की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष राणा, जिला सचिव अजयपाल नेगी, राजीव नेगी, राजेश चौहान, राकेश भट्ट, बीपी बडोनी, भगत सिंह राणा, चंद्रेश्वर नारायण थपलियाल, केशव गैरोला, करिश्मा, कोनिका, प्रभा, ज्योति भारती आदि मौजूद थे। संवाद