राज्योत्सव एवं मिनी सरस आजीविका मेले में बेहतर प्रदर्शन वाले समूह किए गए सम्मानित
स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और महिला समूहों को बाजार से जोड़ने की पहल को मिला प्रोत्साहन
उत्तरकाशी। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित राज्योत्सव एवं मिनी सरस आजीविका मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। मेले में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री और बेहतर प्रदर्शन करने वाले समूहों को सम्मानित करना आयोजन की प्रमुख उपलब्धि रही। इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और महिला समूहों को बाजार से जोड़ने की पहल को प्रोत्साहन मिला।
ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग की ओर से आयोजित मेले के समापन समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और महिला समूहों की ओर से तैयार सामग्री की जानकारी ली।
मेले में सबसे अधिक बिक्री करने वाले समूहों को सम्मानित भी किया गया। विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की पहचान बढ़ने से गांवों में रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा होंगे।
समारोह में पर्यटन विभाग की ओर से जोशियाड़ा में आयोजित बेसिक कयाकिंग प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। वहीं, गंगा-यमुना कृषक उत्पादक संगठन के लकी ड्रॉ में इलेक्ट्रिक स्कूटी, इलेक्ट्रिक साइकिल, ऊनी वस्त्र, स्थानीय उत्पादों के गिफ्ट हैंपर सहित विभिन्न पुरस्कार वितरित किए गए। समापन समारोह में लोकगीतों और पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित फैशन शो ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में डीएम प्रशांत आर्य, दायित्वधारी प्रताप सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।