उमड़ी भक्तों की भीड़, इस बार हरिद्वार से शुरू हुई यात्रा
पुरोला। रवांई घाटी के पुरोला-मोरी क्षेत्र में भगवान विश्वनाथ जगदीश शिला डोली के आगमन पर धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। देव डोली के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
विश्व शांति और लोक कल्याण की प्रतीक मानी जाने वाली पवित्र भगवान विश्वनाथ जगदीश शिला डोली हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरिद्वार से यात्रा शुरू कर टिहरी, उत्तरकाशी, रवांई घाटी, जौनसार व पर्वतीय क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों और देवी-देवताओं के दरबारों में पहुंच रही है। यात्रा के दौरान देव डोली क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण का आशीर्वाद प्रदान कर रही है।
मंगलवार को देव डोली के पुरोला पहुंचने पर नगर पालिका परिसर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। पालिकाध्यक्ष बिहारी लाल शाह, सभासदों और क्षेत्रवासियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद देव डोली इष्ट देव राजा रघुनाथ मटिया महासु महाराज मंदिर पुजेली पहुंची। इस मौके पर यात्रा संयोजक एवं पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, पालिकाध्यक्ष बिहारी लाल शाह, धीरेंद्र सिंह नेगी, जमुना प्रसाद नौडियाल, रितेश गोदियाल, जगदीश रांगड़, आनंद नौडियाल, अनिल नौडियाल आदि मौजूद रहे।