जिले के प्रसिद्ध उत्पाद हर्षिल की राजमा, सेब, मटर, रिंगाल की टोकरी, बुरांस का जूस, लाल चावल आदि उत्पाद जिले में आने वाले सैलानी व पर्यटकों को सिंगल विंडो सिस्टम पर भी उपलब्ध रहेंगे। डीएम ने सिंगल विंडो सिस्टम पर स्थानीय उत्पादों के सैंपल रखने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को डीएम डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बस अड्डा स्थित उद्योग केंद्र परिसर में उत्तरा महिला हाट बाजार का उद्घाटन किया। डीएम श्रीवास्तव ने प्रबंधक आजीविका इकाई को हाट बाजार में सायंकाल के दौरान कुछ खाद्य व चाट आदि के भी स्टाल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तरा ब्रांड की इस हाट-बाजार का प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।
डीएम ने कहा कि बाजार में सर्वे कर वस्तुओं के दाम निर्धारित करें, जिससे उपभोक्ता को सही दाम पर अच्छी वस्तु मिल सके। उत्तरा ब्रांड उत्पाद के नमूने को डीएम ने सिंगल विंडो सिस्टम केंद्र पर भी रखने के निर्देश दिए। बता दें कि जिले में इनर लाइन नेलांग, जादुंग, गोमुख और गंगोत्री नेशनल पार्क, हरकीदून में प्रवेश के लिए अब जिला प्रशासन सिंगल विंडो सिस्टम तैयार कर रहा है। इस मौके पर सीडीओ उदय सिंह राणा, आजीविका मिशन के कैलाश चंद्र, संजय बिष्ट भी मौजूद रहे।