पुरोला। मोरी विकासखंड की पंचगांई पट्टी के सुदूरवर्ती सीमांत गांव लिवाड़ी के छात्र-छात्राओं को आखिरकार राहत मिली है। करीब चार दशक पहले स्थापित जूनियर हाईस्कूल लिवाड़ी का उच्चीकरण कर उसे हाईस्कूल बना दिया गया है। इस निर्णय से अब गांव के विद्यार्थियों को कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई के लिए लगभग 10 से 12 किलोमीटर दूर फिताड़ी नहीं जाना पड़ेगा।
बुधवार को विधायक दुर्गेश लाल ने पुरोला विधानसभा क्षेत्र के रामा एवं कमल सिरांई क्षेत्र के देवदूंग और छिबाला गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों, मातृशक्ति, बुजुर्गों और युवाओं से मुलाकात की व उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने देवढुंग में मटिया महासू महाराज मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया और मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पांच लाख व छिबाला काली मंदिर के लिए चार लाख देने की घोषणा की। इस मौके पर प्रधान संतोषी देवी, विजय गैरोला, नवीन गैरोला, जमुना प्रसाद, हरि प्रसाद, प्रवीण राज, सुभाष चुनार, अमित नेगी, जयेंद्र नेगी, रामप्यारी रतूड़ी, संजीव राणा, मंजरी देवी, शशि देवी, सरिता देवी आदि मौजूद रहे। संवाद