खसीमांत जनपद उत्तरकाशी में अब गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकेगी। इसके लिए जिला अस्पताल के निकट क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। हाल ही में इस ब्लॉक के निर्माण के लिए अस्पताल के निकट भूमि का सर्वे किया गया है।
पिछले कुछ सालों में जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हुई हैं। यहां डायलेसिस यूनिट शुरू होने के साथ ही कार्डियक यूनिट और कैंसर डे केयर यूनिट की स्थापना के लिए काम चल रहा है। वहीं अब गंभीर मरीजों के इलाज के लिए भी कवायद शुरू हुई है। इसके तहत यहां क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केएस चौहान ने बताया कि अस्पताल के निकट इस ब्लॉक के निर्माण के लिए 4500 वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता है। हालांकि पहाड़ी जनपदों में 1550 वर्ग मीटर जमीन पर भी ब्लॉक का निर्माण किया जा सकता है। इसके लिए आपातकालीन सेवा वाले भवन के ठीक सामने स्थित पुराने भवनों को तोड़कर और सड़क के दूसरे छोर पर शिक्षा विभाग की तरफ विभाग की कुछ जमीन पर ब्लॉक का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए हाल में सर्वे हुआ है। उन्होंने बताया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक में 42 बेड के हाईटेक अस्पताल का निर्माण होगा, जिसमें क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) की सुविधा उपलब्ध होगी।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण होने से आपदा या दुर्घटना में घायल गंभीर मरीजों का इलाज किया जा सकेगा। उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
-डॉ. केएस चौहान, सीएमओ उत्तरकाशी
बनाया जा सकता है ओवर ब्रिज
शहर की प्रमुख आंतरिक सड़क से लगे जिला अस्पताल में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण आसान भी नहीं होगा। क्रिटिकल केयर ब्लॉक तक चौड़ी सड़क होना जरूरी है, जबकि आंतरिक सड़क पर ट्रैफिक के दबाव के चलते यह दिक्कतभरा हो सकता है। ऐसे में यहां अस्पताल और शिक्षा विभाग वाली जमीन को जोड़ने के लिए ओवर ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। सीएमओ डॉ. केएस चौहान ने बताया कि सड़क डायवर्ट नहीं हुई तो ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा।